वायरल
कानून का रक्षक बना भक्षक, शिक्षक की गोली मारकर हत्या
मुजफ्फरनगर/चंदौली : जिले के रामगढ़ बैराठ इलाके के रहने वाले माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह को यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल ने मुजफ्फरनगर जिले में गोली मार कर हत्या कर दी। स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी होते ही घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से चिकित्सकों ने शिक्षक को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरक्षी को हिरासत में ले लिया है तथा गारद के पुलिसकर्मियों ने हथियार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा कार्यवाही की जा रही है और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। जहां घटना की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक धर्मेंद्र कुमार और संतोष कुमार, दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जितेंद्र मौर्य और कृष्ण प्रताप के साथ उपनिरीक्षक नागेंद्र चौहान और मुख्य आरक्षी चंद्र प्रकाश की भी ड्यूटी लगाई गई थी। वह सभी एक गाड़ी से यूपी प्रयागराज, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद और बिजनौर जिले में यूपी बोर्ड की कापियां जमा कराने के बाद 17 मार्च की रात में मुजफ्फरनगर पहुंचे जहां शेष कॉपियों को जिले के एचडी इंटर कॉलेज में जमा करवाना था, लेकिन रात में कॉलेज का गेट बंद होने के कारण सभी लोग गाड़ी को गेट के बाहर लगाकर सुबह होने का इंतजार करने लगे।
इस दरम्यान मुख्य आरक्षी चंद्र प्रकाश बार-बार शिक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह से तंबाकू की मांग कर रहा था लेकिन शिक्षक ने उसे तंबाकू देने से मना कर दिया। इसी बात से गुस्सा होकर उसने अपनी कार्बाइन से धर्मेंद्र कुमार के ऊपर फायर कर दिया। नशे में धुत सिपाही ने अपनी पूरी कार्बाइन शिक्षक पर खाली कर दी, जिससे उनके शरीर में कई गोलियां लगीं और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
