Connect with us

गाजीपुर

भांवरकोल में असामाजिक तत्वों ने किसान की मिर्च की फसल को फसल को किया तहस-नहस, उजाड़ी मेहनत की कमाई…

Published

on

Loading...
Loading...

भांवरकोल (गाजीपुर)। किसानों की मेहनत पर पानी फेरने वाले असामाजिक तत्वों ने अब खेतों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। मच्छटी चौकी क्षेत्र के ग्राम सभा मच्छटी के भेलमपुर उर्फ पंडित पुरा में मंगलवार की रात अज्ञात लोगों ने किसान शैलेन्द्र मिश्रा की मिर्च की फसल तहस-नहस कर दी। करीब दो मंडा खेत में लगी फसल को नुकसान पहुंचाए जाने से किसान को भारी क्षति हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र मिश्रा ने गांव के उत्तर दिशा में लगभग 12 मंडा खेत में मिर्च की खेती की थी। मंगलवार रात असामाजिक तत्वों ने करीब दो मंडा में लगी मिर्च की फसल को बर्बाद कर दिया। घटना की जानकारी होने पर किसान के पैरों तले जमीन खिसक गई। अपनी मेहनत की फसल उजड़ी देखकर वह काफी दुखी हैं।

पीड़ित किसान ने दर्द बयां करते हुए कहा कि गरीब किसानों की यही खेती-किसानी पूंजी होती है। किसान पहले ही जंगली जानवरों और प्राकृतिक आपदाओं से जूझता रहता है, अब असामाजिक तत्वों की हरकतें भी उसकी कमर तोड़ रही हैं। आखिर किसी की मेहनत की फसल बर्बाद करके ऐसे लोगों को क्या हासिल होता है, यह समझ से परे है।

वहीं, क्षेत्रीय किसानों ने बताया कि फखनपुरा में भी इस तरह की दो घटनाएं हो चुकी हैं, जबकि मच्छटी ग्रामसभा में यह तीसरी घटना है। लगातार फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से किसानों में नाराजगी और भय का माहौल है।

शैलेन्द्र मिश्रा ने मामले में मच्छटी पुलिस चौकी पर तहरीर दी है। चौकी प्रभारी श्याम सिंह ने उन्हें गुरुवार को चौकी पर बुलाया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है और असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page