गोरखपुर
तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
देवरिया बाईपास के सिक्सलेन फ्लाईओवर पर हादसा, दो बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के देवरिया बाईपास रोड स्थित सिक्सलेन फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार शहाबुद्दीन (48) की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
पीछे से पिकअप ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, इलाहीबाग निवासी शहाबुद्दीन पुत्र नसरुल्ला अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल (यूपी 53 बीएन 7453) से किसी काम से तारामंडल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवरिया बाईपास के सिक्सलेन फ्लाईओवर पर पीछे से आ रही पिकअप (यूपी 51 एटी 0893) ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि शहाबुद्दीन सड़क पर गिरकर करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर रामगढ़ताल पुलिस पहुंची और घायल शहाबुद्दीन को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मिस्त्री का काम कर चलाते थे परिवार
शहाबुद्दीन पेशे से मिस्त्री थे और मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। वह घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों ने आर्थिक सहायता की मांग की
परिजनों ने प्रशासन से परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सहायता दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि शहाबुद्दीन की कमाई से ही घर का खर्च चलता था। उनकी मौत के बाद बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल होगा। ऐसे में प्रशासन पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आए।
