गोरखपुर
अर्नब तूफान की बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में गिरने लगी धान की फसल
कटाई के बीच मौसम की मार, जलभराव से गेहूं की बोवाई पिछड़ने की आशंका
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अर्नब तूफान के असर से बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल तेज हवा और बारिश के चलते गिरने लगी है। कई गांवों में फसल गिरने की सूचनाएं मिल रही हैं। धान की कटाई के बीच अचानक हुई बारिश से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग की ओर से गोरखपुर में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
धान की कटाई और मड़ाई पर असर
लगातार बारिश से खेतों में दोबारा जलभराव होने की आशंका है। इससे खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने के साथ कटाई और मड़ाई का काम भी प्रभावित हो सकता है। किसानों को चिंता है कि खेतों में नमी बढ़ने से आगामी गेहूं की बोवाई भी समय पर नहीं हो पाएगी।
किसान नागेंद्र पांडेय ने बताया कि उनकी करीब आधी धान की फसल कट चुकी है, जबकि बाकी फसल अभी खेतों में खड़ी है। अचानक शुरू हुई बारिश से बची हुई फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसान अमित तिवारी के मुताबिक, बारिश से खेतों में फिर जलभराव हो सकता है, जिससे धान की फसल खराब होने के साथ गेहूं की बोवाई भी पिछड़ सकती है।
वहीं, किसान अविनाश राय ने बताया कि नहर से सिंचित खेतों में पहले से पर्याप्त नमी थी। ऐसे में लगातार बारिश और तेज हवा के कारण धान की फसल गिरने लगी है। बारिश जारी रही तो नुकसान और बढ़ सकता है।
कई गांवों में फसल गिरने की सूचना
गोला क्षेत्र के सुरदापार, बनकटा, भड़सड़ा, सेमरी, कटया और गोपालपुर समेत लगभग सभी गांवों से धान की फसल गिरने की सूचनाएं मिल रही हैं। किसानों को आशंका है कि मौसम का यही रुख बना रहा तो उन्हें धान की फसल के नुकसान के साथ अगली फसल की तैयारी में भी परेशानी उठानी पड़ेगी।
बारिश से बाजारों में पसरा सन्नाटा
लगातार बारिश के चलते बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों पर आवागमन कम रहा और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम की बेरुखी ने जहां आम जनजीवन की रफ्तार थाम दी है, वहीं खेतों में गिरती धान की फसल देखकर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आने लगी हैं।
