गोरखपुर
रामलीला मेला देखकर लौट रहे युवक पर हमला, मां और भाई भी घायल
भिटहा मेले से लौटते समय मारपीट का आरोप, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज
गोला बाजार, गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के भिटहा में रामलीला मेला देखकर लौट रहे युवक को बगल के गांव के युवकों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और मां के साथ भी मारपीट की गई।
रास्ते में घेरकर पीटने का आरोप
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, दुरुई गांव निवासी अभिषेक पुत्र उदयभान 24 अक्टूबर की शाम भिटहा से रामलीला मेला देखकर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में भवजीतपुर गांव के मुकुल यादव, अतुल यादव पुत्र गुड्डू और तीन-चार अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बचाने पहुंचे मां और भाई को भी पीटा
परिजनों के साथ मारपीट: शोर सुनकर अभिषेक का भाई लक्ष्मण और मां लीलावती उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे वे घायल हो गए।
एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस की कार्रवाई: पीड़ित की तहरीर पर गोला पुलिस ने मारपीट और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
