गाजीपुर
पोखरीपुर की रामलीला में राम जन्म और ताड़का वध का मंचन
पत्रकार रजनीश सिंह कुंदन और वरिष्ठ नागरिक श्रवण मिश्र सम्मानित, सीता फुलवारी लीला को लेकर उत्साह
सिधौना (पोखरीपुर)। बाल रामलीला समिति पोखरीपुर की ओर से आयोजित रामलीला में सोमवार को भगवान श्रीराम के जन्म, महर्षि विश्वामित्र के आगमन और ताड़का वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। लीला के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा तथा दर्शक भावविभोर हो उठे।
पत्रकार और वरिष्ठ नागरिक का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान बाल रामलीला समिति की ओर से पत्रकार रजनीश सिंह कुंदन और सिधौना गांव के वरिष्ठ नागरिक श्रवण मिश्र उर्फ जुन्नर का विशेष स्वागत एवं सम्मान किया गया। समिति के सदस्यों ने दोनों अतिथियों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया और रामचरितमानस प्रदान कर सम्मानित किया।
राम जन्म और ताड़का वध की लीला ने मोहा मन
रामलीला में भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं महर्षि विश्वामित्र के आगमन और ताड़का वध के दृश्यों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से धर्म की रक्षा, साहस और मर्यादा का संदेश दिया।
आज होगा सीता फुलवारी प्रसंग का मंचन
रामलीला के अगले क्रम में मंगलवार को भव्य सीता फुलवारी प्रसंग का मंचन किया जा रहा है। भगवान श्रीराम और माता सीता से जुड़े इस मनोहारी प्रसंग को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह है।
बाल रामलीला समिति पोखरीपुर का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बन रहा है। रामलीला के जरिए नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
