गाजीपुर
अस्पताल गेट पर टूटा बिजली का खंभा सप्ताहभर बाद भी नहीं बदला, हादसे का खतरा
दुकान के करकट और केबल के सहारे टिका खंभा, मरीजों व राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल
नंदगंज (गाजीपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगंज के मुख्य गेट के पास ट्रक की टक्कर से टूटा बिजली का खंभा एक सप्ताह बीतने के बाद भी नहीं बदला गया है। खंभा एक दुकान के करकट और केबल के सहारे टिका हुआ है। इससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों पर दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है।

आंधी-पानी में गिर सकता है खंभा
स्थानीय लोगों को आशंका है कि तेज हवा और बारिश के दौरान खंभा गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अब तक खंभे को बदलने की कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है।
विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग
बताया जाता है कि भुसी लदे ट्रक की टक्कर से खंभा क्षतिग्रस्त हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, नंदगंज विद्युत उपकेंद्र के जेई राघवेंद्र सिंह की ओर से अब तक अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और खंभा बदलने की कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों ने विद्युत विभाग से टूटे खंभे को तत्काल बदलने और लटकते केबलों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को संभावित हादसे से बचाया जा सके।
