गाजीपुर
अस्पताल गेट पर बिजली का खंभा टूटा, नंबर मिलने के बाद भी जेई ने नहीं दी तहरीर
ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा, लटकते केबल से दुर्घटना की आशंका; विभागीय कार्रवाई पर उठे सवाल
नंदगंज, गाजीपुर। नंदगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट के पास सोमवार को भूंसी लदे ट्रक की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया। संयोग अच्छा रहा कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वहीं, टूटे बिजली के खंभे के केबल के सहारे लटकने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
इस मामले में हैरानी की बात यह है कि प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना वाले दिन ही ट्रक का नंबर और फोटो विद्युत विभाग के कर्मचारियों को उपलब्ध करा दिया था। इसके बावजूद शुक्रवार दोपहर तक नंदगंज विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) राघवेंद्र सिंह की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।
ट्रक का नंबर और फोटो उपलब्ध होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल के मुख्य गेट के पास टूटे खंभे और लटकते केबल से किसी अन्य हादसे की आशंका बनी हुई है। ऐसे में खंभे को सुरक्षित कराने और जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
