गोरखपुर
शिक्षण को रोचक बनाने के लिए शिक्षकों को दिया जा रहा एआई प्रशिक्षण
बीआरसी गोला में 13 से 17 अक्टूबर तक चलेगा कार्यक्रम, पाठ योजना और शिक्षण सामग्री तैयार करने के सिखाए जा रहे तरीके
गोलाबाजार (गोरखपुर), 14 अक्टूबर। शिक्षण प्रक्रिया को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के साथ शिक्षकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से विकास खंड गोला स्थित बीआरसी सभागार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अनुदीप फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह प्रशिक्षण 13 से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
प्रशिक्षण के दौरान एआई ट्रेनर दिव्यांशु चंद्रा और जिला समन्वयक वेदांत सिंह शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न शैक्षिक उपयोगों की जानकारी दे रहे हैं। इसमें बताया जा रहा है कि किस प्रकार एआई की मदद से कक्षा शिक्षण को अधिक आकर्षक और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बनाया जा सकता है।
पाठ योजना बनाने में मिलेगी मदद
प्रशिक्षण में शिक्षकों को एआई की सहायता से पाठ योजना तैयार करने, शिक्षण सामग्री विकसित करने और विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता के अनुरूप शैक्षिक गतिविधियां तैयार करने के तरीके बताए जा रहे हैं। साथ ही एआई टूल्स का जिम्मेदारीपूर्वक और सावधानी के साथ उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी उदय शंकर राय ने कहा कि इस प्रशिक्षण से शिक्षकों को आधुनिक शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी दक्षता विकसित करने में मदद मिलेगी। नई तकनीकों के प्रभावी उपयोग से विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सकेगा।
पूर्व एआरपी रामनयन शुक्ल ने कहा कि एआई प्रशिक्षण से शिक्षक तकनीकी रूप से अधिक दक्ष होंगे। आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर वे शिक्षण कार्य को सरल और प्रभावी बना सकेंगे।
