Connect with us

भदोही

मिशन शक्ति के तहत निकली जागरूकता रैली, बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का दिया संदेश

Published

on

Loading...
Loading...

डीएम शैलेष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर पैदल मार्च को किया रवाना, कन्या सुमंगला योजना के तहत 20,307 लाभार्थियों को मिला लाभ

भदोही। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पैदल मार्च निकाला गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

पैदल मार्च दुर्गागंज तिराहे से शुरू होकर महिला थाना होते हुए विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। रैली के माध्यम से बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया।

पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनका लाभ भी समयबद्ध तरीके से दिलाया जाए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना और स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी दी गई। इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 के बारे में भी बताया गया।

Advertisement

छह श्रेणियों में मिलती है आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत पात्र बालिकाओं को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा की ओर बढ़ने तक छह श्रेणियों में कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। इसमें जन्म पर 5,000 रुपये, पूर्ण टीकाकरण के बाद 2,000 रुपये, कक्षा एक में प्रवेश पर 3,000 रुपये, कक्षा छह में प्रवेश पर 3,000 रुपये, कक्षा नौ में प्रवेश पर 5,000 रुपये तथा कक्षा 12 उत्तीर्ण करने के बाद स्नातक या निर्धारित अवधि के डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश पर 7,000 रुपये दिए जाते हैं।

जनपद भदोही में अब तक 20,307 लाभार्थियों को इस योजना से लाभान्वित किया जा चुका है। यह योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला, जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शत्रुधन, जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष सहित राजकुमार गुप्ता, किरन, मीना, सोनी चौरसिया, आनन्द मौर्या और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page