Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर में 4.09 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, पांच गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

34 बैंक खातों से 14 राज्यों में ठगी की शिकायतें, 13.76 लाख नकद समेत कई सामान बरामद

गोरखपुर। साइबर ठगी की रकम बैंक खातों से निकालकर यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी के जरिए विदेश भेजने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गोरखपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में 34 म्यूल बैंक खातों से जुड़े मामलों में 4 करोड़ 9 लाख 11 हजार 738 रुपये की ठगी की शिकायतें सामने आई हैं।

कमीशन का लालच देकर हासिल करते थे बैंक खाते

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड और चेकबुक हासिल करते थे। खातों में ठगी की रकम आने के बाद नकदी निकाली जाती थी और विदेशी एजेंटों के जरिए उसे यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर डिजिटल वॉलेट में भेज दिया जाता था।

पांच आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवनीत पाण्डेय उर्फ आदेश पाण्डेय, आदर्श सिंह उर्फ थायनोस, रवि वर्मा, प्रज्ञा रतन और मकसूद आलम खान के रूप में हुई है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 76 हजार 700 रुपये नकद, 22 एटीएम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, चेकबुक, पासबुक, फर्जी मुहर, कैश काउंटिंग मशीन, 4,710 रुपये नेपाली मुद्रा, एक चार पहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

Advertisement

14 राज्यों से जुड़ी शिकायतें

पुलिस के मुताबिक, ठगी की शिकायतें उत्तर प्रदेश समेत 14 राज्यों से संबंधित हैं। मामले में चिलुआताल थाने में मुकदमा दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने कृष्णा शर्मा, दिव्यांशु शेखर शुक्ल, आदर्श द्विवेदी, विदित और गोविंद वर्मा को वांछित बताया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, विदेशी एजेंटों तथा ठगी की रकम के स्रोत और अंतिम गंतव्य का पता लगाने में जुटी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page