गोरखपुर
नवरात्र को लेकर पुलिस अलर्ट, डीजे पर सख्ती
दुर्गा पूजा आयोजकों को निर्देश, प्रत्येक पंडाल में तैनात रहेंगे कम से कम 10 वालंटियर
गोरखपुर। शारदीय नवरात्र और मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना को लेकर गोरखपुर पुलिस सतर्क हो गई है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कोतवाली थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता एसपी सिटी निमिष पाटिल ने की।
तेज आवाज में डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह, नगर निगम और विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद, पूजा पंडाल आयोजक, मूर्तिकार और डीजे संचालक शामिल हुए।

एसपी सिटी ने डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि मानकों और शासन के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के विपरीत तेज आवाज में डीजे बजाने और आम लोगों को परेशानी पहुंचाने पर कार्रवाई की जाएगी।
हर पंडाल में रहेंगे 10 वालंटियर
पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक पूजा पंडाल में कम से कम 10 वालंटियर तैनात रखने के निर्देश दिए। ये वालंटियर भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात सुचारु रखने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद करेंगे। पंडालों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की भी हिदायत दी गई।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस-प्रशासन ने आयोजकों से धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि नवरात्र का उत्सव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
