वाराणसी
मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी
वाराणसी। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत भदोही पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने महिलाओं को विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन और 1076 पुलिस कंट्रोल रूम के बारे में बताया। किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की गई।
साइबर अपराध से बचाव के उपाय
अभियान के दौरान फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और सोशल मीडिया खातों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। पुलिस ने UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी भी दी।
कानूनी अधिकारों से कराया परिचित
महिलाओं और बालिकाओं को POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराध से जुड़े कानूनों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि अपने अधिकारों की जानकारी होने से महिलाएं अपराध के खिलाफ प्रभावी ढंग से आवाज उठा सकती हैं।
सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया। भदोही पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
