वाराणसी
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर कांग्रेस का जनजागरण अभियान, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
रामनगर में अभियान की 12वीं कड़ी आयोजित, कांग्रेस ने पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग दोहराई
वाराणसी। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से चलाए जा रहे जनजागरण अभियान की 12वीं कड़ी मंगलवार को रामनगर में आयोजित हुई। लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के सामने स्थित प्राचीन संकट हरण हनुमान मंदिर परिसर में कांग्रेसजनों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरती की।

सत्य और न्याय की प्रार्थना
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी से सत्य, न्याय, सद्भाव और पारदर्शिता की स्थापना की प्रार्थना की। पार्टी नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य धार्मिक आस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को शांतिपूर्ण तरीके से जनता तक पहुंचाना है।
कांग्रेस ने जांच की मांग दोहराई
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस की ओर से इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग पहले भी सार्वजनिक रूप से की गई है।
जांच में सामने आए हैं 105 कथित मामले
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी की रिपोर्ट के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच में नकदी को कथित तौर पर अनधिकृत तरीके से हटाने या छिपाने के 105 मामले सामने आए हैं। मामले में आरोपों की जांच के बाद आरोपपत्र दाखिल किए जाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी है।
आगे भी जारी रखने की बात
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक मामले से जुड़े सवालों के स्पष्ट जवाब और आवश्यक पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक जनजागरण अभियान जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम का संयोजन महानगर कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजेंद्र गुप्ता और महानगर उपाध्यक्ष एवं कैंट विधानसभा प्रभारी सतनाम सिंह ने किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में राघवेंद्र चौबे, सतनाम सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, प्रवीण प्रकाश, वकील अंसारी, राजेंद्र गुप्ता, अनुराधा यादव, संतोष चौरसिया, घनश्याम सिंह, सुनील राय, रंजना गुप्ता, समीम अख्तर, नित्यानंद पाठक, मो. यासीन, सदानंद तिवारी, राम जी गुप्ता, गोपाल साहू, प्रेमदीप, कुंवर बबलू बिंद, पुलक त्रिपाठी सहित महानगर, ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
