Connect with us

भदोही

आंगनबाड़ी केंद्रों पर ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस की शत-प्रतिशत उपलब्धता के निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

जिला पोषण समिति की बैठक में डीएम ने की समीक्षा

भदोही। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं, बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की स्थिति तथा विभिन्न पोषण संकेतकों की प्रगति की समीक्षा की गई।

सभी केंद्रों पर उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने पोषण मिशन के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों की वृद्धि और पोषण स्तर की नियमित निगरानी के लिए उपकरणों का प्रभावी उपयोग करने तथा चिन्हित बच्चों को आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।

मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र विकसित करने पर जोर

डीएम ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक संसाधनों से लैस कर केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।

1492 केंद्रों से मिल रही पोषण सेवाएं

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले में संचालित 1,492 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा बच्चों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुष्टाहार दिया जा रहा है। अब तक 91 प्रतिशत लाभार्थियों को पुष्टाहार उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि 99.15 प्रतिशत बच्चों का वजन किया गया है। डीएम ने शेष लाभार्थियों और बच्चों को भी निर्धारित समय में आच्छादित करने के निर्देश दिए।

Advertisement

मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाने पर जोर

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र सभी लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र महिलाओं को योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन और लाभ अंतरण की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं सुगम बनाने को कहा।

को-लोकेशन में भदोही प्रदेश में प्रथम

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की विद्यालयों के साथ को-लोकेशन की स्थिति की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में भदोही जनपद प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान पर है। जिलाधिकारी ने उपलब्धि पर संतोष जताते हुए व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्टेडियोमीटर की आपूर्ति इसी माह

बताया गया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्टेडियोमीटर की आपूर्ति इसी माह पूरी कराई जा रही है। डीएम ने उपकरणों की उपलब्धता के साथ उनके सही और नियमित उपयोग को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभव अभियान के विभिन्न पोषण संकेतकों में प्रगति की समीक्षा करते हुए नियमित निगरानी, क्षेत्रीय भ्रमण और विभागीय समन्वय पर जोर दिया गया।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी और कर्मचारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाएं।

अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला, संबंधित खंड विकास अधिकारी और जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page