जौनपुर
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना सभी की जिम्मेदारी: गिरीश चंद्र यादव
हनुमान घाट पर चला स्वच्छता अभियान, मंत्री समेत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। हनुमान घाट परिसर में हुए स्वच्छता अभियान में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने सहभागिता की।
स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी
मंत्री ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर जनपद के लिए स्वच्छता को केवल विशेष अभियानों तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे प्रत्येक व्यक्ति को दैनिक जीवन की आदत बनाना होगा। स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ जौनपुर
उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और सुव्यवस्थित समाज की बुनियाद है। लोग अपने आसपास सफाई रखने के साथ दूसरों को भी जागरूक करें तो इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा। स्वच्छ जौनपुर के लिए निरंतर जागरूकता और जनभागीदारी जरूरी है।
घाट परिसर में की गई सफाई
अभियान के दौरान हनुमान घाट परिसर की साफ-सफाई की गई। लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य राजस्व अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
