गोरखपुर
पांच दिन पुराना मिला पुजारी का शव, चोट के निशान से हत्या की आशंका
हनुमान मंदिर के पीछे मिला शव, खून के धब्बे मिलने से गहराया संदेह; पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के भरोहिया ब्लॉक परिसर के पीछे स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी का शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति बेहद खराब थी। शरीर पर चोट के निशान और घटनास्थल पर खून के धब्बे मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

जानकारी के अनुसार, भड़सार निवासी प्रकाश निषाद (56) भरोहिया ब्लॉक के पीछे हनुमान मंदिर बनाकर वहीं रहते थे और पूजा-पाठ करते थे। पिछले कुछ दिनों से ग्रामीणों ने उन्हें नहीं देखा था। शनिवार को ब्लॉक परिसर के पीछे से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो पुजारी का शव पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में शव के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले। घटनास्थल पर खून के सूखे धब्बे भी पाए जाने की बात सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि पुजारी की हत्या कर शव को वहां छिपाया या फेंका गया हो सकता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही प्रकाश निषाद की मौत की असली वजह सामने आएगी।
