गोरखपुर
खोराबार टाउनशिप में सड़क निर्माण की बाधा बना मकान ध्वस्त
बुलडोजर कार्रवाई के बाद 18 मीटर चौड़ी सड़क का रास्ता साफ
गोरखपुर। खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के प्रवेश द्वार पर 18 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण में बाधा बन रहे मकान को GDA की प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
नोटिस के बाद हुई कार्रवाई
GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के निर्देश पर प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची। प्राधिकरण के अनुसार मकान हटाने के लिए कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मकान को ध्वस्त कर दिया गया।
देवरिया बाईपास से जुड़ेगी टाउनशिप
खोराबार क्षेत्र में GDA की ओर से आवासीय योजना विकसित की जा रही है, जिसमें भूखंडों के साथ फ्लैट की सुविधा भी है। भूखंडों का आवंटन शुरू हो चुका है और सड़क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। 18 मीटर चौड़ी सड़क के जरिए टाउनशिप को देवरिया बाईपास से जोड़ा जा रहा है।
दीपावली तक कुछ फ्लैटों में कब्जे की तैयारी
योजना में EWS, LIG, मिनी MIG और MIG श्रेणी के फ्लैट बनाए गए हैं। GDA की ओर से दीपावली तक कुछ फ्लैटों में कब्जा देने की तैयारी है। इसे देखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्यों में तेजी लाई जा रही है।
मेडिसिटी भी होगी विकसित
इसी क्षेत्र में मेडिसिटी योजना भी विकसित की जा रही है। यहां अस्पताल, क्लीनिक, मेडिसिन सेंटर और डायग्नोस्टिक सेंटर के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है। कई बड़े अस्पतालों ने जमीन ली है, जबकि एक बड़े कैंसर सेंटर की स्थापना भी प्रस्तावित है। GDA उपाध्यक्ष ने कहा कि अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अवैध निर्माण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
