जौनपुर
मिलावटी खाद्य पदार्थों की शिकायत पर जफराबाद में छापेमारी, दुकानदारों में मचा हड़कंप
खाद्य विभाग की टीम ने दूध, पनीर, तेल और मिठाइयों समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
जफराबाद (जौनपुर)। कस्बे में मिलावटी खाद्य पदार्थों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी अभियान चलाया। टीम के बाजार में पहुंचते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की जानकारी होते ही कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से हट गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद यादव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और बिक्री व्यवस्था की जांच की गई। टीम ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों के पांच नमूने भी लिए।
अभियान के दौरान शिवाला मंदिर स्थित अनरसा की दुकान से तेल का नमूना लिया गया। प्रेम डेयरी से दूध और पनीर, एक मिष्ठान भंडार से जलेबी तथा गजोधर मिष्ठान भंडार से बेसन के लड्डू का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। विभाग ने नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
बताया गया कि जफराबाद कस्बे में पिछले कुछ समय से दूध, पनीर, खोवा और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों में मिलावट की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने अचानक जांच अभियान चलाया, जिससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नमूनों की गुणवत्ता स्पष्ट होगी। यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई कार्रवाई से पूरे बाजार में काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही। कई दुकानों के शटर गिरने से बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। खाद्य विभाग की छापेमारी से मिलावट करने वाले दुकानदारों में भी दहशत का माहौल रहा।
