बलिया
जलभराव की समस्या का चेयरमैन ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
जयदेश में प्रकाशित समाचार का चेयरमैन ने लिया संज्ञान
रसड़ा (बलिया)। हनुमान नगर वार्ड नंबर 8 में जलभराव की समस्या को लेकर प्रकाशित समाचार का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका परिषद रसड़ा के चेयरमैन विनयशंकर जायसवाल सोमवार की सुबह मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
चेयरमैन ने स्थानीय नागरिकों से जलभराव और जल निकासी की समस्या के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने बताया कि बारिश के बाद क्षेत्र में पानी भर जाने से आवागमन में काफी परेशानी होती है। नागरिकों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग भी रखी।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने संबंधित पालिका कर्मियों को मौके की स्थिति के अनुसार जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने तथा पानी निकासी में आ रहे अवरोधों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी स्थानीय लोगों को दिलाया।
गौरतलब है कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर पूर्व में नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन देकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की थी। समाचार प्रकाशित होने के बाद चेयरमैन द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किए जाने से स्थानीय लोगों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
