गोरखपुर
त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी सिटी के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च
गोरखपुर। आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार की रात पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। एसपी सिटी निमिष पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शास्त्री चौक से पैदल मार्च शुरू किया।
बाजारों और प्रमुख स्थानों का लिया जायजा
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाजारों एवं प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को भी सुना गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही समस्याओं के समाधान का प्रयास किया और व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा दिलाया।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बढ़ाई गई पुलिस मौजूदगी
मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है। पैदल मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों में पुलिस की सक्रियता का संदेश देना है।
अफवाह और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। किसी भी तरह की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों और आम नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।
