Connect with us

गोरखपुर

जमीन कब्जे के विवाद ने लिया राजनीतिक रंग, सपा नेताओं से नोकझोंक

Published

on

Loading...
Loading...

शब्बीर कुरैशी और जफर अमीन डक्कू समेत 12 पर मुकदमा, पूर्व प्रत्याशी हिरासत में; सपा जिलाध्यक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग की

गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को सपा नेताओं के पहुंचने के बाद गरमा गया। मौके पर समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी और गोरखपुर ग्रामीण से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जफर अमीन डक्कू पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद महिलाओं और सपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।

विवाद के दौरान महिलाओं द्वारा शब्बीर कुरैशी को कथित तौर पर धक्का देने की बात सामने आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला जफर अमीन डक्कू की ओर हाथ उठाती दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही राजघाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

12 लोगों के खिलाफ मुकदमा

राजघाट पुलिस ने मामले में जफर अमीन डक्कू और शब्बीर कुरैशी समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने जफर अमीन डक्कू को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि जमीन कब्जे को लेकर पीड़ित पक्ष ने सपा नेताओं पर आरोप लगाए थे और एसएसपी से भी न्याय की गुहार की थी। डक्कू की हिरासत की जानकारी मिलने पर सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम समर्थकों के साथ सीओ कोतवाली से मिलने पहुंचे।

Advertisement

सपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि दोनों पक्षों के बीच मारपीट या विवाद हुआ है तो दोनों पक्षों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीती रात पुलिस ने महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी के घर पर दबिश दी और वहां काफी उथल-पुथल की गई।

फिलहाल जमीन विवाद राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page