Connect with us

गोरखपुर

चोरी के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

दो बाइक, नकदी, चोरी के सिक्के और तमंचा बरामद; पुलिसकर्मी भी घायल, दूसरा आरोपी फरार

गोरखपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपराइच पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने चोरी के कई मामलों में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि फायरिंग में कांस्टेबल हनुमान यादव भी घायल हो गए। घायल आरोपी को सीएचसी पिपराइच ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर की रात करीब 2:20 बजे जंगल धूषण के पास चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एंटी थेफ्ट सेल की टीम भी मौके पर पहुंची। पादरी बाजार की ओर से स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों यू-टर्न लेकर भागने लगे। इसी दौरान स्कूटी सवार गिर गया।

पुलिस का आरोप है कि आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल हनुमान यादव घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया। वहीं दूसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।

भारी मात्रा में सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुमताज अहमद उर्फ राजू पुत्र शफीक अहमद निवासी निजामपुर चौराहा, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी के दो सफेद धातु के सिक्के, 2,200 रुपये नकद, दो दोपहिया वाहन, एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है और एक अन्य अभियोग भी दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page