Connect with us

चन्दौली

चंद्रप्रभा में उफान, पुल पर चला पानी; घरों में घुसा बाढ़ का पानी

Published

on

Loading...
Loading...

नगई गांव के ग्रामीणों ने सीएचसी में ली शरण, डीएम ने राहत केंद्र में शिफ्ट कराने के दिए निर्देश

बबुरी, चंदौली। चंद्रप्रभा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। नदी के पुल पर पानी चलने से आवागमन प्रभावित हो गया है। वहीं आसपास के गांवों में नदी का पानी पहुंचने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

नगई गांव में बाढ़ का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। इसके चलते कई ग्रामीणों ने बबुरी सीएचसी में शरण ली है। घरों में पानी भर जाने से लोगों के सामने रहने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह और भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी के समक्ष ग्रामीणों ने घरों में पानी घुसने और आवास नहीं मिलने की शिकायत रखी। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण उनके घर रहने लायक नहीं रह गए हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लेखपाल और ग्राम प्रधान को स्थलीय निरीक्षण कर पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। साथ ही प्रभावित लोगों को बबुरी उच्च प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए राहत केंद्र में शिफ्ट कराने का निर्देश दिया। राहत केंद्र में ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने के साथ ही बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page