गाजीपुर
गंगा के उफान और बांगड़ नाले से भावरकोल में बाढ़ का खतरा
हजारों एकड़ टमाटर-मिर्च की फसलें डूबने की कगार पर, कई गांवों का आवागमन प्रभावित
धर्मपुरा और फिरोजपुर चारों ओर से पानी से घिरे, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
भावरकोल (गाजीपुर)। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से भावरकोल क्षेत्र के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। गंगा के बढ़ते पानी और वीरपुर से निकले बांगड़ नाले में उफान के कारण कई गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इससे ग्रामीणों के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
दो गांवों का आवागमन प्रभावित
गंगा के पानी से करीब एक हजार की आबादी वाला धर्मपुरा और लगभग तीन हजार की आबादी वाला फिरोजपुर गांव चारों ओर से पानी से घिर गया है। धर्मपुरा पुलिया के पास पानी बढ़ने से दोनों गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हजारों एकड़ फसल पर संकट
वीरपुर से निकले बांगड़ नाले का पानी धर्मपुरा, कठार, आमघाट, नकटीकोल, महेशपुर, रानीपुर और परखनपुरा तक पहुंच गया है। पानी का बढ़ाव इसी तरह जारी रहा तो चरी और बाजरा के साथ किसानों द्वारा बड़े क्षेत्र में लगाई गई टमाटर और मिर्च की फसलें डूब सकती हैं। किसानों को करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।
कटान बंद, लेकिन ग्रामीणों की चिंता बरकरार
शेरपुर के मुबारकपुर से गहमर शिवाने तक फिलहाल गंगा का कटान बंद है। हालांकि मुबारकपुर में गंगा नदी से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर पानी बह रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
स्थानीय निवासी रविन्द्र मल्लाह ने बताया कि गंगा के बढ़ते पानी को देखकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। यदि जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो पानी गांवों को घेर सकता है और बड़े पैमाने पर नुकसान होने की आशंका है।
