Connect with us

गोरखपुर

प्रेम संबंध के विवाद के बाद युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

पेड़ से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि के बाद जांच की दिशा बदली

पुलिस ने मोबाइल, कॉल डिटेल और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर शुरू की जांच

गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल सरखनी गांव में प्रेम संबंध को लेकर चल रहे विवाद के बीच 18 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को रामकिशन उर्फ कृष्णा का शव घर से करीब 500 मीटर दूर चंद्रशेखर आजाद पब्लिक स्कूल के पास पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नाबालिग किशोरी से प्रेम संबंध को लेकर हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि रामकिशन का गांव की एक नाबालिग किशोरी से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी दोनों परिवारों को होने के बाद विवाद शुरू हो गया था। करीब एक सप्ताह पहले जंगल डुमरी पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी। पुलिस की मौजूदगी में मामले को शांत कराने का प्रयास किया गया था।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने किशोरी के परिवार पर रामकिशन की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

Advertisement

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बदली जांच की दिशा

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि होने की बात सामने आई है। इसके बाद जांच की दिशा बदल गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की और क्या किसी व्यक्ति द्वारा उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया था।

मोबाइल और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस रामकिशन के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की जांच कर रही है। घटना से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी और परिवारों के बीच विवाद के बाद परिस्थितियां कैसे बदलीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

सीओ गोरखनाथ रवि सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। आत्महत्या के लिए उकसाने की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल और कॉल डिटेल तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page