वाराणसी
बनारस के तीन कैरम खिलाड़ियों को एयरपोर्ट अथॉरिटी की स्कॉलरशिप
मंतसा इकबाल, ऋतंभरा और शिवदयाल यादव का चयन; दो साल तक मिलेगी करीब दो लाख रुपये की छात्रवृत्ति
वाराणसी, 31 अगस्त। वाराणसी के तीन होनहार कैरम खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर काशी का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मंतसा इकबाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी शिवदयाल यादव और राष्ट्रीय खिलाड़ी ऋतंभरा का चयन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की वर्ष 2026-27 की स्कॉलरशिप के लिए हुआ है। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से वाराणसी कैरम एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन में खुशी का माहौल है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से चयनित इन तीनों खिलाड़ियों को दो वर्षों तक लगभग दो लाख रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही स्कॉलरशिप अवधि के दौरान तीनों खिलाड़ियों को एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से सभी राष्ट्रीय कैरम प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना होगा।
मंतसा और शिवदयाल को तीसरी बार मिला मौका
बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मंतसा इकबाल और राष्ट्रीय खिलाड़ी शिवदयाल यादव को एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से लगातार तीसरी बार स्कॉलरशिप के लिए चुना गया है। वहीं राष्ट्रीय खिलाड़ी ऋतंभरा को पहली बार यह उपलब्धि हासिल हुई है। तीनों खिलाड़ियों के चयन को बनारस के कैरम जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के प्रधान संरक्षक एवं ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अशोक सिंह, एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट बैजनाथ सिंह, सचिव एडवोकेट सिराजुद्दीन, उपाध्यक्ष सरदार रणवीर सिंह सहित पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता जताई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर वाराणसी का नाम रोशन किया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की स्कॉलरशिप मिलने से खिलाड़ियों को अपने खेल को और बेहतर करने का अवसर मिलेगा तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों में भी आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा।
इस अवसर पर दिनेश गुप्ता, विजय शंकर मेहता, अनीश अहमद, डॉ. अंशू सिंह, रमेश वर्मा, अशोक कुमार सिंह, अश्विनी चकवाल, रवि आर्या, अशोक पांडेय, भूपेंद्र प्रताप सिंह, सुमन गिनोडिया, रेणुका राय, आनंद शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
