गोरखपुर
स्टेशन पर शराब की बड़ी बरामदगी, तस्कर फरार
गोरखपुर। गोरखपुर जंक्शन पर आरपीएफ की सतर्कता से शराब तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई। शुक्रवार को स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 03/04 के बीच लावारिस हालत में पड़े दो झोलों से अंग्रेजी शराब के 119 टेट्रा पैक बरामद किए गए। हालांकि, शराब छोड़कर तस्कर मौके से फरार हो गया। आरपीएफ ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ की टीम शुक्रवार को गोरखपुर जंक्शन पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 03/04 के बीच सफेद और काले रंग के दो झोले लावारिस हालत में दिखाई दिए। आरपीएफ जवानों ने आसपास मौजूद यात्रियों से झोलों के बारे में पूछताछ की। काफी देर तक निगरानी करने के बाद भी कोई व्यक्ति झोलों पर दावा करने नहीं पहुंचा।
इसके बाद आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों झोलों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 8 PM ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 119 टेट्रा पैक बरामद हुए। प्रत्येक टेट्रा पैक में 180 एमएल शराब थी। इस हिसाब से कुल 21.420 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब की कीमत करीब 15,470 रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने शराब को कब्जे में लेकर फर्द जब्ती तैयार की और बरामद माल को आरपीएफ पोस्ट गोरखपुर लाया गया। अब बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी गोरखपुर को सौंपने की तैयारी है।
आरपीएफ और जीआरपी अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब से भरे दोनों झोले स्टेशन तक कौन लेकर आया था और उन्हें लावारिस छोड़कर फरार होने वाला व्यक्ति कौन था। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
शराब की इतनी मात्रा स्टेशन तक पहुंचने के मामले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, आरपीएफ की सतर्कता के चलते शराब तस्करी की कोशिश सफल नहीं हो सकी। अब जांच के बाद ही पूरे मामले और तस्कर की पहचान का खुलासा हो सकेगा।
ब्यूरो चीफ गोरखपुर राम जोखन पाण्डेय, जयदेश।
