गाजीपुर
रक्षाबंधन पर सैदपुर पुलिस ने महिला को लौटाया लाखों का जेवरात से भरा बैग
गाजीपुर। रक्षाबंधन के पर्व पर मायके राखी बांधने जा रही महिला का लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान से भरा बैग सवारी जीप में छूट गया। सूचना मिलने पर सैदपुर पुलिस ने बैग बरामद कर उसकी मालिक महिला को सकुशल वापस कर दिया।
जानकारी के अनुसार, इटवा रामपुर निवासी कविता देवी पत्नी मिथलेश कुमार रक्षाबंधन पर चितौरा स्थित अपने मायके जा रही थीं। इसी दौरान उनका कीमती सामान से भरा बैग सवारी जीप में छूट गया। बैग मिलने के बाद पुलिस ने उसे चेक किया तो उसमें आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के जरिए पुलिस ने महिला से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया।
थाने पहुंची कविता देवी ने बैग और उसमें रखे सामान की पहचान की। तस्दीक के बाद प्रभारी निरीक्षक सैदपुर अनिल सिंह ने बैग में मौजूद सभी सामान महिला को सुपुर्द कर दिया। अपना कीमती सामान वापस मिलने पर कविता देवी ने सैदपुर पुलिस का हृदय से आभार जताया।
