राज्य-राजधानी
रक्षाबंधन पर बहनों को सौगात, नगरीय बसों में 29 अगस्त रात तक मुफ्त यात्रा
लखनऊ, 27 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगरीय परिवहन की बसों में महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री को निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है।
शासन के अनुसार यह सुविधा 27 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इस अवधि में नगरीय परिवहन की बसों से यात्रा करने वाली महिलाओं और उनके साथ एक सहयात्री से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधने मायके जाने वाली बहनों को यात्रा खर्च की चिंता से राहत मिलेगी। साथ ही पर्व के दौरान उनके आवागमन को सुगम और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
सरकार के मुताबिक निःशुल्क यात्रा की सुविधा रक्षाबंधन से पहले और बाद की यात्रा को भी आसान बनाएगी। उद्देश्य है कि पर्व के दौरान महिलाओं को आवागमन में आर्थिक बाधा या असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रदेश सरकार ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रक्षाबंधन पर निःशुल्क नगरीय बस यात्रा की यह पहल इसी जनकल्याणकारी दृष्टिकोण का हिस्सा है।
