गाजीपुर
देवड़ी गांव में बिजली समस्या दूर करने की कवायद, 100 केवीए ट्रांसफार्मर जल्द होगा स्थापित
जमानिया, (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा देवड़ी में वर्षों से चली आ रही बिजली की समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग ने कवायद तेज कर दी है। गांव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पश्चिमी छोर पर जल्द ही 100 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इससे मुख्य ट्रांसफार्मर पर बढ़े भार को कम करने के साथ ग्रामीणों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
कई ट्रांसफार्मर के बावजूद बनी रही समस्या
गांव के पूर्वी छोर पर मां काली माता मंदिर के पास 16 केवीए, उत्तरी छोर पर 25 केवीए तथा पश्चिमी छोर पर बीएसएनएल टावर के समीप 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पहले से स्थापित है। इसके बावजूद गांव का मुख्य 400 केवीए ट्रांसफार्मर अत्यधिक लोड के कारण बार-बार खराब हो जाता था। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने पर ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
400 केवीए ट्रांसफार्मर का कम होगा भार
बिजली समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्य 400 केवीए ट्रांसफार्मर का भार कम करने की योजना बनाई गई है। इसी क्रम में अधीक्षण अभियंता गाजीपुर से मुलाकात कर आवश्यक पैकेज तैयार कराया गया। योजना के तहत देवड़ी गांव के पश्चिमी छोर पर 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसके लिए पोल और तार की व्यवस्था भी की जा रही है।
जल्द शुरू होगी स्थापना प्रक्रिया
इसी क्रम में अमित कुमार सिंह ने अधिशासी अभियंता जमानिया से मुलाकात कर अधीक्षण अभियंता गाजीपुर द्वारा जारी पैकेज पत्र को रिसीव कराया। उन्होंने जल्द ट्रांसफार्मर मंगाकर उसकी स्थापना प्रक्रिया शुरू कराने का आग्रह किया। नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद मुख्य ट्रांसफार्मर पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा और देवड़ी गांव की बिजली व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।
