गाजीपुर
मलिक तवक्कल कप कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, चिलबिलिया की टीम बनी विजेता
बहरियाबाद, गाजीपुर। ग्राम सभा मलिकनगांव में मलिक तवक्कल स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित मलिक तवक्कल कप कबड्डी प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डा. निसार अहमद अंसारी एवं संदीप सिंह सोनू शामिल हुए। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया, जिसमें चिलबिलिया की टीम ने फाइनल मुकाबला जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन वर्तमान ग्राम प्रधान पलटू राम एवं पूर्व ग्राम प्रधान नसीम अहमद ने किया। इस दौरान सतीश चौहान, जिला पंचायत सदस्य राम कृष्ण सोनकर, डॉ. सलमान अंसारी, जलाल सिद्दीकी, अब्दुल्ला, नदीम, आबिद, शहनवाज अहमद, मसूद आलम उर्फ जुम्मन, शारिक, सलमान, वारिस जमाल सिद्दीकी, भरतपुर के ग्राम प्रधान सोनू सिंह, हरिकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

कई गांवों की टीमों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता में भरतपुर, नादेपुर, हुसैनपुर, लारपुर, बहरियाबाद, सेमरिया, रानीपुर, तीसड़ा समेत कई गांवों की टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में लारपुर और चिलबिलिया की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें चिलबिलिया ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बहरियाबाद और बबुरा के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें बहरियाबाद की टीम ने भारी अंतर से जीत हासिल की।
फाइनल में चिलबिलिया ने दर्ज की शानदार जीत
फाइनल मुकाबला बहरियाबाद और चिलबिलिया की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में चिलबिलिया की टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़े अंतर से जीत दर्ज कर प्रथम स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन और खेल भावना ने मौजूद दर्शकों का खूब उत्साह बढ़ाया।
विजेता टीम को 10 हजार रुपये व शील्ड
समापन समारोह में डा. निसार अहमद अंसारी ने खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि कबड्डी केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी मिट्टी की ताकत और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों को भविष्य में भी उनका पूरा समर्थन मिलेगा। विजेता टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार और शील्ड डा. निसार अहमद अंसारी एवं संदीप सिंह सोनू द्वारा प्रदान की गई।
जोरदार तालियों, खिलाड़ियों के सम्मान और जलपान वितरण के साथ कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ।
