Connect with us

गाजीपुर

जमानिया रेलवे क्रॉसिंग पर मेंटेनेंस कार्य शुरू, यातायात व्यवस्था नदारद

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया, (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाईपास स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 88/A की अप लाइन पर मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने ट्रैक मेंटेनेंस और ओवरआलिंग का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया। सड़क और रेलवे ट्रैक के मिलान स्थल पर लगे रबरयुक्त लेवल क्रॉसिंग पैड को हटाकर ट्रैक की गहन जांच और मरम्मत की जा रही है। कार्य का उद्देश्य सड़क और रेलवे पटरी के जोड़ को समतल व सुरक्षित बनाना है, ताकि वाहनों को झटके न लगें और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।

वाहनों की आवाजाही के बीच चल रहा काम

मेंटेनेंस कार्य के दौरान रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात व्यवस्था को लेकर अव्यवस्था भी देखने को मिली। मौके पर पुख्ता प्रशासनिक अथवा सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से लगातार वाहनों की आवाजाही के बीच रेलवे कर्मचारियों और मजदूरों को काम करना पड़ा। अनियंत्रित आवागमन के कारण कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

कार्य की गति भी हुई प्रभावित

क्रॉसिंग से लगातार गुजर रहे दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों के कारण कई बार मेंटेनेंस कार्य की गति प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्य के दौरान अस्थायी यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि रेलवे कर्मचारी और आम राहगीर दोनों सुरक्षित रह सकें।

Advertisement

रेल संरक्षा के लिए हो रहा ओवरआलिंग कार्य

पीडब्ल्यूआई विभाग के जूनियर इंजीनियर अमन श्रीवास्तव ने बताया कि रेल संरक्षा और सड़क यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से अप लाइन पर ओवरआलिंग का कार्य कराया जा रहा है। लेवल क्रॉसिंग पैड को दुरुस्त करने के बाद रेल संचालन और सड़क यातायात दोनों अधिक सुरक्षित होंगे। उन्होंने बताया कि कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page