गाजीपुर
CRO का आश्वासन भी फेल, सभासद बोले—अब आर-पार; नगर पालिका में गूंजा ‘मुर्दाबाद’
दो दौर की वार्ता बेनतीजा, धरना समाप्त कराने पहुंचे CRO को नहीं मिली सफलता
जमानिया, गाजीपुर। नगर पालिका परिषद जमानिया में सभासदों का धरना अब महज प्रदर्शन नहीं, बल्कि आर-पार की लड़ाई बनता दिख रहा है। धरना समाप्त कराने पहुंचे गाजीपुर के मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) सुनील कुमार त्रिवेदी की सभासदों से दो दौर की वार्ता हुई, लेकिन दोनों दौर बेनतीजा रहे। एक माह में जांच, समस्याओं के समाधान और दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद सभासदों ने धरना समाप्त करने से साफ इनकार कर दिया।
11 सूत्री मांगों की जांच का दिया भरोसा
सीआरओ ने सभासदों की 11 सूत्री मांगों का पत्रक लेकर संबंधित मामलों की जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही। उन्होंने गृहकर समेत सभी मुद्दों की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही सभासदों से धरना समाप्त करने की अपील की।

सिर्फ आश्वासन नहीं, अब कार्रवाई चाहिए—सभासद
सभासदों ने प्रशासन के आश्वासन को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि अब जांच के नाम पर केवल समय नहीं काटने दिया जाएगा। जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा। सभासदों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर सामूहिक इस्तीफा देने जैसा बड़ा कदम भी उठाया जा सकता है।
वार्ता खत्म होते ही फूटा सभासदों का गुस्सा
दो दौर की वार्ता समाप्त होने के बाद धरना स्थल पर सभासदों का आक्रोश खुलकर सामने आया। नगर पालिका परिसर ‘चेयरमैन मुर्दाबाद’, ‘ईओ मुर्दाबाद’ और ‘सीआरओ वापस जाओ’ के नारों से गूंज उठा। नारेबाजी के बीच सभासदों ने दो टूक कहा कि केवल आश्वासन के आधार पर अब आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
सभासदों का कहना है कि उनकी मांगों का समाधान होने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन जहां जांच और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश में है, वहीं सभासद तत्काल और ठोस कार्रवाई पर अड़े हुए हैं।
बातचीत से सुलझेगा विवाद या होगा सामूहिक इस्तीफा?
दो दौर की वार्ता के बाद भी नतीजा शून्य रहा। एक तरफ प्रशासन जांच और कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत कराने की कोशिश कर रहा है, तो दूसरी ओर सभासद अपने आंदोलन को और तेज करने के संकेत दे रहे हैं। अब देखना होगा कि यह टकराव बातचीत से सुलझता है या सामूहिक इस्तीफे के ऐलान के साथ जमानिया नगर पालिका में नया सियासी बवाल खड़ा होता है।
