वाराणसी
एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ का चुनाव संपन्न, 21 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
संदीप कुमार सिंह बने जिला अध्यक्ष, डॉ. सौरभ कुमार सिंह को मिली महामंत्री की जिम्मेदारी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ, जनपद वाराणसी का चुनाव सोमवार को शिवपुर स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया दोपहर करीब एक बजे शुरू हुई और साढ़े तीन बजे तक चली। अध्यक्ष समेत संगठन के सभी 21 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन किया गया।
चुनाव अधिकारियों की देखरेख में पूरी हुई प्रक्रिया
निर्वाचन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी सौरभ सिंह एवं डॉ. आलोक सिंह की देखरेख में संपन्न कराई गई। सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण चुनाव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों के साथ ही संगठन से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। चुनाव को लेकर कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला।
कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प
जिला अध्यक्ष पद पर निर्वाचित संदीप कुमार सिंह ने कहा कि वह संगठन एवं संविदा कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों एवं विभागीय स्तर पर उठाया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी कर्मचारी की समस्या के समाधान के लिए संगठन हरसंभव प्रयास करेगा। संगठन की एकजुटता को मजबूत करने और संविदा कर्मचारियों के हितों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

21 पदों पर निर्विरोध चुने गए पदाधिकारी
चुनाव में संदीप कुमार सिंह को अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनीष मिश्रा, उपाध्यक्ष पद पर धर्मेंद्र कुमार यादव एवं विनोद कुमार सिंह, संगठन मंत्री पद पर आमिर खान और महामंत्री पद पर डॉ. सौरभ कुमार सिंह निर्वाचित हुए।
वहीं नितेश कुमार चौबे को कोषाध्यक्ष, प्रकाश श्रीवास्तव को सह-कोषाध्यक्ष, कमलकांत तिवारी एवं अली खान को सचिव, विनय मिश्रा एवं डॉ. गीता यादव को संयुक्त सचिव बनाया गया।
इसके साथ ही रमेश यादव को विधि सलाहकार, रजनीकांत दुबे को संयुक्त महामंत्री, दिनेश सेन को मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रभारी तथा अभिषेक कुमार सिंह को प्रचार-प्रसार मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संगठन को मजबूत बनाने पर रहेगा जोर
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और एनएचएम संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया। निर्विरोध निर्वाचन को संगठन के आपसी विश्वास और एकजुटता के रूप में भी देखा जा रहा है।
