Connect with us

भदोही

बारावफात को लेकर भदोही पुलिस अलर्ट, ज्ञानपुर, गोपीगंज और ऊंज में हुई पीस कमेटी की बैठक

Published

on

Loading...
Loading...

धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

भदोही, 22 अगस्त 2026। आगामी पर्व बारावफात को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के थाना ज्ञानपुर, गोपीगंज और ऊंज में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठकों में धर्मगुरुओं, संभ्रांत एवं गणमान्य व्यक्तियों, ग्राम प्रधानों और डिजिटल वॉलंटियरों से संवाद किया गया।

ज्ञानपुर में सीओ ने की बैठक, लोगों की सुनी समस्याएं

थाना ज्ञानपुर में क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने स्थानीय पुलिस के साथ पीस कमेटी की बैठक की। वहीं गोपीगंज और ऊंज थाना परिसरों में भी प्रभारी निरीक्षकों द्वारा स्थानीय लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनी गईं और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उनके सुझाव भी लिए गए।

बिना अनुमति धार्मिक जुलूस निकालने पर रोक

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धार्मिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा। लोगों को सड़क बाधित कर धार्मिक आयोजन नहीं करने की भी हिदायत दी गई। सभी से शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।

अराजक तत्वों पर होगी कठोर कार्रवाई

पुलिस ने चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने या अराजकता फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति को किसी संदिग्ध गतिविधि या शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयास की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचित करने की अपील की गई, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Advertisement

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने के लिए जागरूक किया। बताया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट किए जाने पर उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page