गोरखपुर
पारिवारिक जमीन विवाद में भसुर ने साथियों संग मिलकर महिला को पीटा, मुकदमा दर्ज
दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस, पुलिस जांच में जुटी
हरपुर-बुदहट। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मदनपुरा में पारिवारिक जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन विवाद को लेकर घर पहुंचने का आरोप
मदनपुरा निवासी साधना देवी पत्नी मानस उपाध्याय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 18 अगस्त को सुबह करीब सवा दस बजे पारिवारिक जमीन संबंधी विवाद को लेकर उनके भसुर मयंक उपाध्याय, राज शर्मा और दो अन्य लोग पहुंचे।
गाली-गलौज कर मारपीट करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपितों ने उन्हें जान-माल की धमकी भी दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दो नामजद समेत चार के खिलाफ मुकदमा
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मयंक उपाध्याय पुत्र स्वर्गीय उमेश उपाध्याय, राज शर्मा तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
