गोरखपुर
राइस मिल मालिक को जान से मारने की धमकी
व्हाट्सएप कॉल पर परिवार को धमकाने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
धान चोरी के मामले में जेल जा चुका है मुख्य आरोपित, तहरीर पर केस दर्ज
हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम मझौरा निवासी राइस मिल संचालक की तहरीर पर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
व्हाट्सएप कॉल पर धमकी देने का आरोप
मझौरा निवासी अजीत गुप्ता पुत्र कमलेश गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि सुरेन्द्र उर्फ भक्कू यादव, उसके भाई विरेन्द्र यादव तथा कुछ अन्य अज्ञात लोग उन्हें और उनके परिवार को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार भयभीत है।
धान चोरी के मामले से जुड़ा है विवाद
तहरीर के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को मझौरा स्थित बाला जी एग्रो इंडस्ट्रीज राइस मिल से 30 बोरी धान चोरी हो गई थी। इस मामले में हरपुर-बुदहट पुलिस ने सुरेन्द्र उर्फ भक्कू यादव को चोरी का धान बरामद करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद वह अपने साथियों के साथ धमकी दे रहा है।
बीएनएस की धारा में दर्ज हुआ मुकदमा
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि अजीत गुप्ता की तहरीर के आधार पर सुरेन्द्र उर्फ भक्कू यादव, विरेन्द्र यादव तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
