Connect with us

गोरखपुर

विवाहिता की मौत पर हत्या का आरोप, पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर

Published

on

Loading...
Loading...

पिता का आरोप- दो बेटियां होने और दहेज की मांग को लेकर बेटी को किया जाता था प्रताड़ित

गगहा थाने में शिकायत देकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग

गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय विवाहिता निधि तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने गगहा थाने में तहरीर देकर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

थाना गोला क्षेत्र के ग्राम डोमरी निवासी संतोष तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री निधि तिवारी का विवाह 5 जून 2023 को गगहा थाना क्षेत्र के बस्तूपार निवासी शुभम उर्फ प्रीतम दुबे के साथ अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर किया था। उनका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति शुभम, ससुर चन्द्रमौली दुबे और सास रीता देवी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी का उत्पीड़न करने लगे।

दो बेटियां होने के बाद बढ़ी प्रताड़ना का आरोप

तहरीर के अनुसार, निधि ने जुड़वां बेटियों को जन्म दिया, जिसके बाद कथित तौर पर ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक प्रताड़नापूर्ण हो गया। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी और उस पर बेटा न होने को लेकर ताने दिए जाते थे।

Advertisement

पिता बोले- कई बार कराया समझौता

संतोष तिवारी का कहना है कि वह कई बार अपनी बेटी के ससुराल जाकर विवाद सुलझाने का प्रयास करते रहे और उसे मायके भी लाते रहे, लेकिन सामाजिक कारणों से समझा-बुझाकर दोबारा ससुराल भेज देते थे।

पुलिस जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

मृतका के पिता ने मामले में पति एवं अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page