गोरखपुर
सर्राफा कारोबारी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
उधार के रुपये मांगने पर रची थी हत्या की साजिश, चाकू, बाइक, सोने के जेवर और नकदी बरामद
गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र में बुजुर्ग सर्राफा कारोबारी की हत्या के सनसनीखेज मामले का गोरखपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, लूटे गए सोने के आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजकुमार बरवार के नेतृत्व में बेलीपार पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशू दुबे निवासी बुधनापार (थाना सिकरीगंज) और प्रिंस पांडेय निवासी मलांव (थाना बेलीपार) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मृतक सर्राफा कारोबारी से बाइक खरीदने के नाम पर करीब एक लाख रुपये उधार लिए थे। जब कारोबारी लगातार रुपये वापस मांगने लगे तो आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने का भी प्रयास किया गया।
यह मामला 22 जुलाई 2026 को सामने आया था, जब बेलीपार क्षेत्र में एक अज्ञात शव बरामद हुआ। बाद में उसकी पहचान बुजुर्ग सर्राफा कारोबारी के रूप में हुई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक मोटरसाइकिल, सोने की चेन, अंगूठी, लॉकेट और 6,595 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
