Connect with us

जौनपुर

बिजली के पोलों से हटाया गया तारों का मकड़जाल

Published

on

Loading...
Loading...

विद्युत विभाग के विशेष अभियान में अनुपयोगी केबलें हटाईं, बारिश में हादसों का खतरा होगा कम

शहर के प्रमुख बाजारों में चला अभियान, व्यापारियों ने की पहल की सराहना

जौनपुर। शहर के कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में बिजली के पोलों पर वर्षों से लटक रही अनुपयोगी केबलों और बंद पड़े इंटरनेट व वाई-फाई तारों को हटाने के लिए विद्युत विभाग ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिजली के पोलों पर फैले तारों के मकड़जाल को हटाकर उन्हें व्यवस्थित किया गया, जिससे बाजार की सूरत संवरने के साथ ही बरसात के मौसम में संभावित विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हुई है।

अवर अभियंता नीरज कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ट्रैक्टर माउंटेड लिफ्ट और सीढ़ियों की सहायता से पोलों पर चढ़कर पुराने, कटे-फटे और अनुपयोगी इंटरनेट केबलों को हटाया। कर्मचारियों ने कई स्थानों पर उलझे तारों को अलग कर बिजली के पोलों को व्यवस्थित किया।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और अन्य एजेंसियों की बेकार हो चुकी केबलें लंबे समय से पोलों पर लटकी थीं। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ बारिश के दौरान करंट उतरने और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अभियान के बाद इन संभावित खतरों में कमी आने की उम्मीद है।

Advertisement

अभियान के बाद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने विद्युत विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। विभाग ने बताया कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह का अभियान चलाकर बिजली के पोलों से अनुपयोगी केबलों और तारों को हटाया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page