जौनपुर
मुंगराबादशाहपुर में शिक्षकों का पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण शुरू
587 शिक्षक-शिक्षिकाओं को नई एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों और बुनियादी साक्षरता-गणन कौशल का मिलेगा प्रशिक्षण
बीएसए ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने पर दिया जोर
जौनपुर। विकास खंड मुंगराबादशाहपुर के सटवां स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर सोमवार से एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) एवं एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम छह बैचों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्राथमिक विद्यालयों के 587 शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रत्येक बैच में लगभग 100 प्रतिभागियों को दो प्रशिक्षण कक्षों में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीएसए समीर ने संदर्भदाताओं से गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने तथा प्रतिभागी शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू कर बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन बढ़ाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। ऐसे में कक्षा पांच में अध्ययनरत अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों का आवेदन सुनिश्चित कराया जाए।
इस अवसर पर धीरेन्द्र कुमार, फूलचंद पटेल, मोहसिन, अनूप मिश्रा, सचिन शुक्ला, अंजनी मालवीय सहित संदर्भदाता जीतलाल बिंद, जयप्रकाश मौर्य, पुष्कर मिश्र, छोटेलाल मौर्य, उपेंद्र सिंह तथा शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
