Connect with us

गाजीपुर

मां शारदा चिल्ड्रेन कॉलेज में 21 जुलाई से फुटबॉल का महाकुंभ

Published

on

Loading...
Loading...

सीबीएसई क्लस्टर-V टूर्नामेंट में 23 जिलों के 118 स्कूलों की 155 टीमें लेंगी हिस्सा

गाजीपुर। सीबीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त मां शारदा चिल्ड्रेन कॉलेज, जलालाबाद दुल्लहपुर में 21 से 25 जुलाई तक फुटबॉल प्रतियोगिता के क्लस्टर गेम का आयोजन किया जाएगा। पूर्वांचल में पहली बार किसी सीबीएसई विद्यालय में आयोजित हो रही इस बड़ी प्रतियोगिता को लेकर जिले के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।

सीबीएसई ईस्ट जोन-प्रयागराज क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-V फुटबॉल टूर्नामेंट 2026-27 में उत्तर प्रदेश के 23 जिलों के 118 सीबीएसई स्कूलों की 155 टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में करीब दो हजार खिलाड़ी और कोच अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामप्रताप मौर्य ने बताया कि प्रतियोगिता 21 जुलाई से शुरू होकर 25 जुलाई तक चलेगी। इसमें शामिल होने वाली सभी टीमें 20 जुलाई की शाम तक विद्यालय परिसर में पहुंच जाएंगी। खिलाड़ियों और कोच के ठहरने, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन द्वारा की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को निष्पक्ष और सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ से निर्णायकों की विशेष टीम बुलाई गई है। पूरा टूर्नामेंट सीबीएसई बोर्ड द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर की निगरानी में संपन्न होगा।

Advertisement

पहली बार गाजीपुर में इतने बड़े स्तर का आयोजन

मां शारदा चिल्ड्रेन कॉलेज गाजीपुर जनपद का पहला सीबीएसई विद्यालय है, जिसे इतने बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। खेल मैदान को भी खिलाड़ियों के लिए पूरी तरह तैयार किया गया है।

प्रतियोगिता के दौरान पूर्वांचल सहित प्रदेशभर के खेल प्रेमियों की निगाहें इस फुटबॉल महाकुंभ पर रहेंगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page