जौनपुर
होटल कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण
फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का कराया व्यावहारिक प्रदर्शन, आपदा के समय सतर्कता बरतने की दी सीख
अग्निशमन अधिकारी बोले— शुरुआती प्रयास से टल सकती हैं बड़ी दुर्घटनाएं
मछलीशहर (जौनपुर)। नगर के एक होटल में शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अग्निशमन अधिकारी अनिल यादव ने होटल प्रबंधन एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव, नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन सिलेंडर) के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
प्रशिक्षण के दौरान अनिल यादव ने बताया कि होटल की रसोई और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन सिलेंडर ऐसे स्थान पर रखा जाना चाहिए, जहां आवश्यकता पड़ने पर उसे तुरंत उपयोग में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि आग लगने की शुरुआती अवस्था में यदि सही तकनीक से फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया जाए, तो बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
उन्होंने कर्मचारियों को यह भी बताया कि यदि आसपास किसी वाहन या अन्य स्थान पर आग लग जाए तो सबसे पहले अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें और उसके बाद उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों से आग पर काबू पाने का प्रयास करें। साथ ही तत्काल अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना देना भी आवश्यक है, ताकि समय रहते स्थिति नियंत्रित की जा सके।
कार्यक्रम में होटल प्रबंधक सहित सभी कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल देते हुए कहा कि जागरूकता और समय पर कार्रवाई से जन-धन की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।
