जौनपुर
कड़ी मेहनत और लगन से आरक्षी सचिन सोनकर बने उपनिरीक्षक
केराकत थाने में तैनात 2025 बैच के सिपाही ने यूपी एसआई परीक्षा की पास, पुलिस विभाग में खुशी
थाना प्रभारी ने किया सम्मानित, कहा— मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन का मिला फल
केराकत (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश पुलिस में वर्ष 2025 बैच के आरक्षी के रूप में पहली नियुक्ति पाने वाले सचिन कुमार सोनकर ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यूपी उपनिरीक्षक (एसआई) परीक्षा-2026 उत्तीर्ण कर नई उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से केराकत थाने के पुलिसकर्मियों में खुशी का माहौल है।
फतेहपुर जनपद के कोराई गांव निवासी सचिन कुमार सोनकर, दिनेश सोनकर के पुत्र हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद पुलिस भर्ती परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। वर्ष 2025 में आरक्षी भर्ती परीक्षा में सफलता मिलने के बाद उनकी पहली तैनाती केराकत थाने में हुई। नौकरी के साथ लगातार अध्ययन जारी रखते हुए उन्होंने वर्ष 2026 की यूपी एसआई परीक्षा भी सफलतापूर्वक पास कर ली।
सचिन ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा फतेहपुर में हुई। उनके पिता किसान हैं, जबकि माता मालती देवी गृहिणी हैं। परिवार में उनके चाचा उत्तर प्रदेश पुलिस में निरीक्षक पद पर कार्यरत हैं, जिनसे उन्हें प्रेरणा मिलती रही।
सफलता पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे, उपनिरीक्षक श्रीराम सिंह तथा थाने के समस्त पुलिसकर्मियों ने सचिन सोनकर को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सचिन सोनकर कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और मेहनती पुलिसकर्मी हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के साथ कठिन परिश्रम कर उपनिरीक्षक पद पर चयनित होना अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरा पुलिस परिवार गर्व महसूस कर रहा है।
