Connect with us

जौनपुर

बेकाबू XUV ने मचाई तबाही, युवक की दर्दनाक मौत

Published

on

Loading...
Loading...

आरोग्यम हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार कार ने छह वाहनों को मारी टक्कर, बहन का इंतजार कर रहे युवक की गई जान

खेतासराय पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की जांच, हादसे से क्षेत्र में मचा हड़कंप

खेतासराय (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के गुरैनी बाजार स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल के सामने शुक्रवार को तेज रफ्तार एक बेकाबू XUV कार ने भीषण हादसा कर दिया। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए वहां मौजूद एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जौनपुर से शाहगंज की ओर जा रही XUV अचानक नियंत्रण खो बैठी। कार पहले सड़क किनारे खड़ी पांच मोटरसाइकिलों पर चढ़ गई और फिर आगे खड़ी एक स्कॉर्पियो से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

हादसे में आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के बनहवा महादेव गांव निवासी करन बिंद (19) पुत्र गणेश बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

बताया गया कि करन अपनी बहन को इलाज के लिए आरोग्यम हॉस्पिटल लेकर आए थे। उनकी बहन अस्पताल के भीतर चिकित्सक से परामर्श ले रही थीं, जबकि करन बाहर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठकर उनका इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार XUV ने उन्हें टक्कर मार दी।

सूचना मिलते ही खेतासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त XUV समेत सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और यातायात भी प्रभावित रहा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page