बलिया
अपहरण-दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार, किशोरी बरामद
बांसडीह पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा, न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल
पिंडहरा पेट्रोल पंप मार्ग से हुई गिरफ्तारी, पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय थाना पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र और एएसपी (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को दर्ज मामले की जांच के दौरान गुरुवार को उपनिरीक्षक आदित्य कुमार अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का आरोपी पिंडहरा पेट्रोल पंप मार्ग पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पर्वतपुर निवासी अमित यादव (18 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 137(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आदित्य कुमार और कांस्टेबल मानस सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
