बलिया
सरयू का रौद्र रूप जारी, बस्ती से महज 40 मीटर दूर पहुंचा कटान
उपजाऊ खेत निगलने के बाद अब घरों पर मंडराया खतरा, ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश
वशिष्ठ नगर, गोपाल नगर सहित कई गांवों में कटान तेज, ग्रामीणों ने कटानरोधी कार्यों की उठाई मांग
बैरिया (बलिया)। सुरेमनपुर दियरांचल में सरयू नदी का कटान लगातार तेज होता जा रहा है। गोपाल नगर टाड़ी के बाद अब वशिष्ठ नगर, शिवाल मठिया, चाई छपरा और अधसिझुआ गांव भी कटान की चपेट में हैं। धूप नाथ के डेरा से लेकर बकुल्हा तक नदी का रौद्र रूप जारी है। सबसे चिंताजनक स्थिति वशिष्ठ नगर और गोपाल नगर की सीमा पर बनी हुई है, जहां सरयू नदी की धारा आबादी से महज 40 मीटर की दूरी तक पहुंच गई है।
कटान के चलते किसान अपनी उपजाऊ कृषि भूमि को नदी में समाते हुए बेबस नजर आ रहे हैं। राजू सिंह, धनंजय सिंह, शिव मुनि यादव और लालजी सिंह सहित कई ग्रामीणों के घर भी अब कटान की जद में आने की आशंका से लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कटानरोधी कार्य नहीं कराया गया तो कई घर नदी में समा सकते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार बढ़ते कटान के बावजूद प्रशासन की ओर से पर्याप्त बचाव कार्य नहीं कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से भी शीघ्र हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कटानरोधी कार्य शुरू कराया जाए, ताकि किसानों की बची हुई भूमि और आबादी को सुरक्षित रखा जा सके। उनका कहना है कि समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
