Connect with us

गाजीपुर

‘साथी पोर्टल’ से किसानों को मिलेगा प्रमाणित बीज

Published

on

Loading...
Loading...

नकली बीजों पर लगेगी रोक

गाजीपुर में कृषि विभाग ने दी जानकारी, क्यूआर कोड स्कैन कर किसान जांच सकेंगे बीज की गुणवत्ता

गाजीपुर। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘साथी पोर्टल’ को लेकर कृषि भवन सभागार में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि अधिकारी एवं अपर जिला कृषि अधिकारी ने किसानों और संबंधित अधिकारियों को पोर्टल की उपयोगिता एवं संचालन की विस्तृत जानकारी दी।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि साथी पोर्टल का उद्देश्य बीज उत्पादन, बीज प्रमाणीकरण और वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है। अब किसान बाजार से खरीदे जाने वाले बीज की गुणवत्ता और प्रमाणिकता स्वयं जांच सकेंगे।

उन्होंने बताया कि पोर्टल पर पंजीकृत प्रत्येक प्रमाणित बीज पर विशेष क्यूआर कोड होगा। किसान इस क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन कर बीज की शुद्धता, किस्म (वैरायटी), उत्पादन संबंधी जानकारी और एक्सपायरी तिथि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां तत्काल प्राप्त कर सकेंगे। इससे बाजार में नकली और मिलावटी बीजों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगेगी।

Advertisement

बैठक के दौरान अधिकारियों ने किसानों को साथी पोर्टल के उपयोग का लाइव डेमो भी दिया और बताया कि इस नई व्यवस्था से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे उत्पादन बढ़ेगा, खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज खरीदें तथा खरीदारी के समय साथी पोर्टल के माध्यम से बीज की सत्यता अवश्य जांचें, ताकि उन्हें प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीज मिल सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page