भदोही
अपर पुलिस अधीक्षक ने बीट पुलिस के सत्यापन रजिस्टरों की जांच की
नकबजनी व चोरी के अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और रिकॉर्ड अपडेट रखने के दिए निर्देश
भदोही। जनपद में अपराध नियंत्रण और बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में सभी थानों से आए बीट आरक्षियों एवं मुख्य आरक्षियों के नकबजनी अपराधियों से संबंधित सत्यापन रजिस्टरों की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने रजिस्टरों का भौतिक सत्यापन करते हुए उनमें दर्ज विवरण का अवलोकन किया। उन्होंने बीट पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों के शातिर नकबजनी एवं चोरी के अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखें तथा उनके सत्यापन संबंधी सभी अभिलेख समय-समय पर अद्यतन करते रहें।
उन्होंने कहा कि बीट पुलिसिंग की प्रभावशीलता अपराध नियंत्रण की महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि अपराधियों का नियमित सत्यापन और निगरानी सुनिश्चित की जाए तो चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी बीट पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बीट व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाया जाएगा।
